-
Advertisement
उन्नाव में दुःखद घटना! बेटे की करंट से मौत की खबर के बाद पिता का सड़क हादसा
उन्नाव: यूपी के उन्नाव (Unnao) जिले में एक हृदयविदारक घटना घटी जिसके बाद से लोगो के होश उड़ गए। कभी-कभी किसी दुखद हादसे की खबर लगते ही लोग होश खो बैठते है और फिर एक घटना घट जाती है ऐसा ही हादसा जिले के आसीवन थाना (Asivan police station) क्षेत्र में हुआ। आसीवन इलाके में एक घर में करंट लगने से पांच वर्षीय मासूम आयांश की मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही ड्यूटी से घर लौटते समय उसके पिता विष्णु जायसवाल की भी सड़क हादसे (road accident) में जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला सुभाषनगर, रसूलाबाद में एक मासूम सा बच्चा आयांश घर में खेल रहा था तभी वह अचानक दीवार पर लगे एक खुले बिजली बोर्ड के पास पहुंचा। नासमझी में उसने उंगली उस बोर्ड में डाल दी और तेज़ करंट की चपेट में आ गया और तड़पने लगा। करंट का झटका इतना भीषण था कि आयांश वहीं गिर पड़ा, और बिजली बोर्ड भी उसके ऊपर गिर गया। परिजनों ने तुरंत उसे मियागंज के सीएचसी पहुंचाया, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करंट लगने से बेटे की मौत की सूचना पाकर शराब ठेके पर ड्यूटी कर रहे विष्णु जायसवाल बेसुध हालत में बाइक से तुरंत घर की ओर रवाना हो गए। लेकिन माखी-रसूलाबाद मार्ग पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि विष्णु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सिर्फ चंद घंटों में घर के दोनों दिए बुझ गए। एक ओर मां शिवानी जायसवाल हैं, जो शोक में बेसुध होकर बार-बार बेहोश हो रही हैं।
दूसरी ओर बड़ा बेटा वेदांश है, जो कभी पिता को पुकारता है तो कभी छोटे भाई को झिंझोड़ता हुआ बिलख उठता है। मोहल्ले में पसरा मातम इतना गहरा है कि हर कोई खामोश है। जैसे शब्द भी इस दर्द के आगे थम गए हो। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।

