-
Advertisement
जलभराव की समस्या पर भिड़े मोहल्लेवासी और ईओ, नाली निर्माण को लेकर हुई नोकझोंक
– इंद्रा नगर की गलियों में बरसात और गटर का पानी भरा, ठेकेदार कार्य छोड़कर फरार, नगर पंचायत की कार्यशैली पर उठे सवाल
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): कस्बे की इंद्रा नगर कॉलोनी (Indra Nagar Colony) में लंबे समय से जारी जलभराव (waterlogging) की समस्या को लेकर शुक्रवार को नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी (ईओ) अखिलेश कुमार यादव और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प हो गई। ईओ द्वारा निर्माणाधीन नाले से प्रभावित गलियों से पानी निकालने के लिए अस्थायी नाली खुदवाने पर मोहल्लेवालों ने विरोध जताया और कार्य की गुणवत्ता व लापरवाही को लेकर नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि होली से पहले नाले का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन ठेकेदार पिछले डेढ़ महीने से काम छोड़कर फरार है। अधूरा निर्माण गलियों में गंभीर समस्या पैदा कर रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि न तो एंबुलेंस गली में पहुंच सकती है और न ही आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड, ऐसे में किसी भी हादसे की स्थिति में प्रशासन जिम्मेदार होगा।
मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि अधूरी खुदाई के कारण बरसात में गलियों में फिसलन हो रही है, जिससे कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। घरों में गंदा पानी घुस चुका है और बैक्टीरिया पनपने लगे हैं, जिससे गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों की मांग है कि इस कार्य को या तो तत्काल दुरुस्त किया जाए या मिटाकर गलियों को फिर से ठीक किया जाए।
बढ़ते विरोध के बीच ईओ अखिलेश यादव ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए अस्थायी रूप से पानी निकालने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले 10 दिनों में जलनिकासी की समस्या को कम करने के लिए कार्य में तेजी लाई जाएगी और नाले के अधूरे निर्माण को पुनः शुरू कर जल्द ही पूरा किया जाएगा। मोहल्ले के लोग अब नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर खुलकर विरोध में उतर आए हैं। उनका कहना है कि यदि समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

