-
Advertisement
पत्नी से अलगाव बना वजह, युवक ने फांसी लगाकर दी जान
-चार माह से पत्नी थी मायके में, एक साल की बेटी को छोड़ गया पिता
कंपिल (फर्रुखाबाद): पत्नी (wife) के वियोग में एक युवक (young man) ने फांसी (hanging) लगाकर आत्महत्या (suicide) कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह दर्दनाक घटना कंपिल क्षेत्र के गांव सवितापुर में सोमवार देर रात घटी। गांव निवासी 23 वर्षीय केदार सिंह राजपूत ने अपने घर के कमरे में छत के कुंडे के सहारे रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी।
सोमवार शाम जब केदार का भाई अजब सिंह घर के भीतर गया तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। काफी देर खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर स्वजनों को सूचना दी गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। सूचना मिलने पर कंपिल थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
स्वजनों के अनुसार, केदार की शादी चार वर्ष पूर्व जनपद बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र के गांव बिराहिम नगला की रहने वाली सीमा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दंपती ने अलग घर में रहना शुरू कर दिया था। आपसी मतभेद के चलते सीमा कई बार मायके चली गई थी। चार महीने पहले केदार उसे मना कर लाया था, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर मायके लौट गई।
पति-पत्नी के रिश्ते में दरार का असर केदार की मानसिक स्थिति पर पड़ा और वह लंबे समय से अवसाद में रहने लगा। मृतक की एक साल की बेटी भी है। परिवार में चार भाई – वीरपाल, अमर सिंह, अजब सिंह और सबसे छोटा केदार था। मृतक के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बेटे की मौत की सूचना पर स्वजन फफक-फफक कर रोने लगे। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

